धार , जून 01 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के बाग थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने एक दंपत्ति को रोककर नगदी और चांदी के आभूषण लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम देवधा निवासी नेहरू अजनारिया अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। वह ससुराल से उधार लिए गए रुपये तथा चांदी के आभूषण साथ लेकर आ रहे थे। बताया गया है कि उन्होंने चांदी गिरवी रखकर अतिरिक्त राशि भी प्राप्त की थी।
दंपत्ति जब बाग थाना क्षेत्र के बाकी घाटी मोड़ के पास पहुंचे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। एक मोटरसाइकिल सवार ने उनकी गाड़ी के सामने वाहन लगाकर उन्हें रोक दिया।
इसके बाद दो बदमाशों ने नेहरू अजनारिया को पकड़ लिया, जबकि अन्य दो बदमाशों ने उनकी पत्नी के हाथ से नगदी और आभूषणों से भरी थैली छीन ली। वारदात के बाद सभी आरोपी मोटरसाइकिलों से टांडा की ओर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार लूटी गई थैली में लगभग दो लाख दस हजार रुपये नगद, एक चांदी का हार तथा दो चांदी के कड़े रखे हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चार आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित