लुधियाना , सितंबर 22 -- पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और संस्कृति एवं पर्यटन सलाहकार दीपक बाली ने मंगलवार को बताया कि पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) के डॉ मनमोहन सिंह सभागार में 25 और 26 सितंबर को 'हमारे राम' नाटक के चार शो आयोजित किए जाएंगे।
प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा इसमें रावण की भूमिका निभाएंगे।
श्री मुंडियां ने बताया कि दोनों दिन दो-दो शो होंगे। पहला शो अपराह्न दो बजे और दूसरा शाम छह बजे शुरू होगा। उन्होंने लुधियाना के लोगों से परिवार सहित नाटक देखने की अपील की।
श्री बाली ने बताया कि नाटक में रामायण के विभिन्न प्रसंगों को मंचित किया गया है। उन्होंने कहा कि इसमें अरण्य कांड, लव-कुश कांड, सुंदर कांड और युद्ध कांड सहित रामायण के प्रमुख प्रसंग प्रस्तुत किए गए हैं। भगवान राम की भूमिका राहुल के. भुचर निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के विभिन्न हिस्सों में 'हमारे राम' के 41 शो आयोजित किए जा चुके हैं। उनके अनुसार, अन्य स्थानों पर जहां इस नाटक के टिकट की कीमत अधिक है, वहीं पंजाब में सरकार की ओर से इसे नि:शुल्क दिखाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दर्शक अपने संबंधित विधानसभा क्षेत्र के विधायकों, जिला प्रशासन और अन्य आयोजक संस्थाओं के माध्यम से नि:शुल्क पास प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में विधायक चौधरी मदन लाल बग्गा, विधायक पप्पी पाराशर, उपायुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित