चंडीगढ़ , अक्टूबर 28 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लुधियाना नगर निगम के जोन-बी में तैनात इंस्पेक्टर शुभम को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि आरोपी के खिलाफ अजीत नगर, लुधियाना के एक निवासी की शिकायत पर कार्रवाई की गई।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके पिता की मृत्यु के बाद पैतृक संपत्ति को उसके और उसके भाइयों के नाम हस्तांतरित कराने के लिए नगर निगम के जोन-बी में दस्तावेज जमा करवाए गए थे। ये दस्तावेज संबंधित इंस्पेक्टर शुभम को सौंपे गए थे। शिकायत के अनुसार, संपत्ति हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के बदले इंस्पेक्टर ने 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की लुधियाना रेंज से संपर्क किया। इसके बाद ब्यूरो की टीमने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को शिकायतकर्ता से कथित रिश्वत राशि लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ लुधियाना स्थित विजिलेंस ब्यूरो थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित