चंडीगढ़/लुधियाना , मई 18 -- पंजाब पुलिस ने राज्य को सुरक्षित बनाने के अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लुधियाना में ट्रांसनेशनल टेरर-गैंगस्टर नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। संयुक्त कार्रवाई में लुधियाना आयुक्तालय पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल और 11 कारतूस बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिल्लौर निवासी अनुराज उर्फ गौरव मसीह और अंकुश के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो .30 बोर और एक .315 बोर पिस्तौल बरामद की है। इसके अलावा अपराधों में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी जर्मनी और दुबई में बैठे विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहे थे। इन्हें हाई-प्रोफाइल टारगेट किलिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। समय रहते गिरफ्तारी होने से बड़ी आपराधिक वारदात टल गई।

लुधियाना के पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो हथियारबंद युवक हार्डीज वर्ल्ड इलाके के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद अपराध जांच एजेंसी (सीआईए) स्टाफ और काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने नाका लगाकर दोनों को दबोच लिया।

इस मामले में थाना लाडोवाल में शस्त्र अधिनियम की धारा 25 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित