लुधियाना , मई 18 -- पंजाब में लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी-गैंगस्टर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल और 11 कारतूस बरामद किये हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुराज उर्फ गौरव मसीह और अंकुश, दोनों निवासी फिल्लौर (जालंधर) के रूप में हुई है। आरोपी अंकुश के खिलाफ पहले भी गोराया थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो .30 बोर पिस्तौल, एक .315 बोर पिस्तौल और 11 कारतूस बरामद किये हैं। इसके अलावा अपराधों में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल भी जब्त की गयी है।

श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जर्मनी और दुबई स्थित विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे। उन्हें पंजाब में हाई-प्रोफाइल टारगेट किलिंग की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी। समय रहते की गयी गिरफ्तारी से संभावित बड़ी आपराधिक घटनाओं को टाल दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस अब इस नेटवर्क के संपर्क खंगालने में जुटी हुई है, ताकि इसमें शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

लुधियाना के पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा ने बताया कि सीआईए स्टाफ और काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना की संयुक्त टीम ने थाना लाडोवाल क्षेत्र में नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान खुफिया सूचना मिली कि दो हथियारबंद युवक हार्डीज वर्ल्ड के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

श्री शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे विदेशी हैंडलरों द्वारा संचालित एक संगठित अंतरराष्ट्रीय आपराधिक सिंडिकेट के सक्रिय सदस्य हैं। विदेशी नेटवर्क के जरिए उन्हें अत्याधुनिक हथियार उपलब्ध करवाए गए थे और बड़े टारगेट सौंपे गए थे। इस संबंध में थाना लाडोवाल, लुधियाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 के तहत एफआईआर दर्ज की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित