लुधियाना , अक्टूबर 03 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन करने वाले लुधियाना के उद्योगपतियों और कारोबारियों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने की मांग की है।
श्री सरीन ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा कि उद्योगपतियों ने कथित तौर पर लगातार बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पुलिस ने डाइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष बॉबी जिंदल समेत करीब 250 लोगों के खिलाफमामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को वर्धमान चौक के पास प्रदर्शन के दौरान यातायात बाधित हुआ थाऔर इसी संबंध में मामला दर्ज किया गया।
श्री सरीन ने आरोप लगाया कि बिजली कटौती से उद्योगों को उत्पादन और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठाने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की गयी। उन्होंने सरकार से उद्योगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा उद्योग और व्यापार जगत के साथ खड़ी है तथा कारोबारियों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाती रहेगी। सरीन ने राज्य में कानून-व्यवस्था और उद्योगों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाये। इस अवसर पर भाजपा लुधियाना अध्यक्ष एवं डाइंग एसोसिएशन के नेता बॉबी जिंदल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित