नैनीताल , जुलाई 28 -- उत्तराखंड के नैनीताल में वन महकमे को लीसा तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। वनाधिकारियों ने सोमवार देर रात को तस्करी कर ले जाये जा रहे 270 टिन लीसा बरामद किया है। वाहन को कब्जे में लेकर चालक को गिरफतार कर लिया गया है।
सहायक संभागीय अधिकारी (एसडीओ) ममता चन्द के मुताबिक लीसा की तस्करी के संबंध में कुछ समय पहले सूचना मिली थी। कल 27 जुलाई की रात को लीसा की तस्करी की आशंका को देखते हुए विशेष अभियान चलाया गया। काठगोदाम के रानीबाग बैरियर पर वन विभाग की टीम ने अपना जाल बिछा लिया।
इसी दौरान देर रात को एक वाहन को रोका गया। वाहन की गहन तलाशी ली गई। कैंटर के गुप्त केबिन में 270 टिन अवैध लीसा छिपाकर रखा गया था। रेंजर नितिन पंत की अगुवाई में वन विभाग की टीम ने चालक को गिरफतार कर ट्रक को सीज कर दिया।
बरामद लीसा को काठगोदाम डिपो भिजवा दिया गया है। एसडीओ ममता चंद के अनुसार चालक राजेंद्र नाथ गोस्वामी निवासी गौलापार, हल्द्वानी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम,1927 व उत्तर प्रदेश लीसा एवं अन्य वन उपज नियमावली 1976 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित