शिवपुरी , मई 11 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की कोतवाली पुलिस ने लिव-इन संबंध में रह रही महिला और उसकी तीन माह की बच्ची के कथित अपहरण मामले में तीन इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देसी रिवॉल्वर भी बरामद की गई है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इंदौर निवासी पुष्पेंद्र सिंह के साथ शिवपुरी की एक महिला पिछले तीन वर्षों से लिव-इन संबंध में रह रही थी। दोनों की तीन माह की एक बच्ची भी है। अक्टूबर 2025 से महिला अपने मायके शिवपुरी में रह रही थी।

आठ मई को महिला की मां ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी पुष्पेंद्र अपने लगभग 10 साथियों के साथ घर पहुंचा और जबरन उनकी बेटी तथा नातिन को साथ ले गया। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र सिंह पर 10 हजार रुपए तथा उसके साथियों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।

पुलिस ने नौ मई को पुष्पेंद्र सिंह को शिवपुरी के परोरा पुल के पास से गिरफ्तार कर उसके पास से एक देसी रिवॉल्वर बरामद की थी। पूछताछ के बाद उसके दो साथी ट्विंकल और राजा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित