लंदन , मई 14 -- इंग्लैंड के लिए चार टेस्ट खेल चुके हैम्पशायर के ऑलराउंडर लियाम डॉसन ने तत्काल प्रभाव से प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास ले लिया है।

36 वर्षीय डॉसन ने अपने 20 सीजन लंबे करियर में 380 विकेट लेने के साथ ही 18 शतक भी लगाए। इंग्लैंड के लिए आठ वर्ष बाद वापसी करने से पहले डॉसन को 2024 में प्रोफ़ेशनल क्रिकेटर्स एसोसिएशन अवॉर्ड्स में पुरुष प्लेयर ऑफ़ द ईयर चुना गया था।

हालांकि 2026 के सीजन की शुरुआत में हैम्पशायर के पहले पांच मुक़ाबलों में चार मैच खेलने और सीमित सफलता के बाद उन्होंने लाल गेंद क्रिकेट को अलविदा कहने का फ़ैसला कर लिया।

वह हैम्पशायर के लिए सीमित ओवर प्रारूप में और द हंड्रेड में मैनचेस्टर ओरिजिनल्स के लिए खेलना जारी रखेंगे। इस साल टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के दल का हिस्सा होने को मद्देनज़र देखते हुए वह सफ़ेद गेंद क्रिकेट में अपने करियर को आगे बढ़ा सकते हैं।

डॉसन ने कहा, "मैंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास लेने का फ़ैसला किया है। यह फ़ैसला लेना मेरे लिए आसान नहीं था लेकिन सफ़ेद गेंद क्रिकेट में अपने करियर को लंबा करने के लिए यह फ़ैसला लेने के लिए सही समय था। मुझे गर्व है कि मैंने हैम्पशायर के लिए 200 से अधिक मुक़ाबले खेले और इन वर्षों में कई खिलाड़ियों के साथ सुनहरी यादें साझा की। मैं हैम्पशायर के लिए सफ़ेद गेंद क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह से समर्पित हूं और इस सफलता को जारी रखना चाहता हूं।"डॉसन ने भारत के दौरे पर 2016-17 में टेस्ट डेब्यू किया था और उन्होंने चेन्नई में अपनी पहली पारी में 66 रनों की नाबाद पारी भी खेली थी। उन्होंने इसके बाद दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ दो टेस्ट खेले लेकिन 2025 में भारत के ख़िलाफ़ ओल्ड ट्रैफ़र्ड टेस्ट के लिए इंग्लैंड के लिए वापसी करने से पहले उन्होंने इस अवधि में एक भी टेस्ट नहीं खेला था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित