भिवानी , अगस्त 19 -- हरियाणा के भिवानी स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पीएनडीटी एक्टकी समीक्षा बैठक आयोजित की गयी जिसमें एडीसी दीपक बाबूलाल ने कहा कि जिले में लिंगानुपात सुधारने के लिए स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा पुलिस विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करें। एमटीपी किट के अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगायी जाये और संदिग्ध गतिविधियों की लगातार निगरानी की जाये।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री बाबूलाल ने निर्देश दिये कि मेडिकल अधिकारियों की टीम जहां भी छापामार कार्रवाई करे, वहां पुलिस विभाग पूरा सहयोग सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि यदि कहीं एमटीपी किट की अवैध बिक्री या इसके माध्यम से भ्रूण का अवैध गर्भपात किये जाने की सूचना मिलती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाये।

उन्होंने आशा वर्करों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को गांवों में गर्भवती महिलाओं की निगरानीकरने तथा उनका रिकॉर्ड पंजीकरण से लेकर बच्चे के जन्म तक दुरुस्त रखने के निर्देश दिये।

सभी सीएचसी के मेडिकल अधिकारियों को भी अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ रघुबीर शांडिल्य और पीएनडीटी प्रभारी डॉ अन्नू चौधरी ने पीएनडीटीएक्ट के तहत की जा रही कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी जरूरी है। समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, क्योंकि बेटियां आज हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित