सीहोर , अप्रैल 12 -- मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज आष्टा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में योजना की 35वीं किश्त के रूप में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लाखों महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं। उन्होंने महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा 33 प्रतिशत आरक्षण के निर्णय को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 184 करोड़ 92 लाख रुपये लागत के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। इनमें 115 करोड़ 32 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण और 69 करोड़ 60 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि और किसानों की समृद्धि के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 55 लाख हेक्टेयर हो गया है और किसानों से 2625 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की जा रही है।

उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि शासकीय विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों का रुझान बढ़ा है।

आष्टा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। लगभग दो किलोमीटर लंबे रोड शो में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए और जगह-जगह पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री ने आष्टा में संदीपनी विद्यालय भवन का लोकार्पण कर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित