शिमला , जुलाई 24 -- हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में संसारी-किल्लार-तांदी मार्ग पर काडू नाले के पास शुक्रवार को पहाड़ी से गिरे विशाल पत्थरों की चपेट में आने से एक यात्री वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जिससे 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गये। मृतकों में छह महीने का एक बच्चा भी शामिल है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार घटना उस समय हुई जब वाहन कुल्लू से पांगी की ओर जा रहा था, तभी पहाड़ी का एक हिस्सा ढह गया और भारी-भरकम चट्टानें सीधे उस पर गिर गयी। वाहन में कुल 15 लोग सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि 13 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि केवल दो लोग ही जीवित बच सके।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम और स्थानीय बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्षेत्र में लगातार गिरते पत्थरों और खराब इलाके के कारण बचाव अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मृतकों की पहचान की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित