शिमला , फरवरी 05 -- हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हाड कंपाने वाली शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
राज्य में मौसम साफ रहने के बावजूद कई स्थानों पर तापमान शून्य से पांच से 15 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, कोहरे के कारण मैदानी इलाकों में रात और सुबह के समय शीतलहर का असर और बढ़ गया है।
लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान शून्य से 15 डिग्री सेल्सियस नीचे, ताबो में शून्य से 11.4 डिग्री नीचे, मनाली में शून्य से 0.7 डिग्री नीचे तथा कल्पा में शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में शिमला का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री, सुंदरनगर 3.1 डिग्री और सोलन 2.5 डिग्री सेल्सियस रहा। निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में अपेक्षाकृत अधिक तापमान दर्ज किया गया, जहां ऊना में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री, जुब्बरहट्टी हवाई अड्डा और बिलासपुर में छह डिग्री, नाहन में 8.9 डिग्री तथा पांवटा साहिब में लगभग 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बीती रात प्रदेश के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। बिलासपुर शहर और भाखड़ा डैम क्षेत्र में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मंडी जिले की सुंदरनगर और बल्ह घाटी, सोलन के बद्दी, सिरमौर के पांवटा साहिब तथा हमीरपुर के सुजानपुर में भी कोहरे का असर देखा गया।
मौसम विभाग ने ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों के निचले क्षेत्रों में सुबह 10 बजे तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक कोहरा लोगों की परेशानी का कारण बना रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अगले चार दिनों तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा, जिससे दिन के तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। कोहरे के कारण निचले क्षेत्रों में रात का तापमान सामान्य से थोड़ा कम बना रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित