नयी दिल्ली , अगस्त 15 -- स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले पर आयोजित समारोह के प्रारंभ और समापन पर पहली बार राष्ट्रगीत वंदेमातरम् का गायन किया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लाल किले की प्राचीर से संबोधन से पहले राष्ट्रगीत के पूरे संस्करण का गायन किया गया। श्री मोदी के संबोधन के समापन पर भी राष्ट्रगीत का गायन किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान का गायन हुआ।

इस मौके पर वायु सेना के दो एमआई17 वहां से गुजरे। एक हेलीकाप्टर पुष्प वर्षा कर रहा था। एक अन्य हेलीकाॅप्टर पर वंदेमातरम् लिखा हुआ झंडा फहरा रहा था।

गौरतलब है कि गुरुवार को संपन्न हुए संसद के मानसून सत्र में एक विधेयक पारित किया गया है जिसमें राष्ट्रगान की तरह राष्ट्रगीत के अपमान पर जुर्माने और सजा का प्रावधान किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित