नयी दिल्ली , दिसंबर 18 -- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए कार विस्फोट मामले में एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस विस्फोट में 11 लोगों की मौत हुयी थी और कई अन्य घायल हुए थे।

इस मामले में गिरफ्तार होने वाला नौवां व्यक्ति यासिर अहमद डार है जो जम्मू कश्मीर के श्रीनगर के शोपियां का निवासी है। उसे केंद्रीय एजेंसी ने नयी दिल्ली से गैर कानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता के विभिन्न प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया है।

एनआईए की जांच से राष्ट्रीय राजधानी को दहला देने वाले इस कार बम विस्फोट के पीछे की साजिश में डार की सक्रिय भूमिका का खुलासा हुआ है। वह इस साजिश का एक सक्रिय भागीदार था और उसने आत्मघाती अभियानों को अंजाम देने के लिए कसम खाई थी।

जांच से यह भी पता चला है कि डार इस मामले के अन्य आरोपियों के साथ निकट संपर्क में था जिसमें बमबारी को अंजाम देने वाला मृत अपराधी उमर उन नबी और मुफ्ती इरफान शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित