रायबरेली , अक्टूबर 30 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में किशोरी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, किशोरी की हत्या चाकू से वार करने और दुपट्टे से गला कसने के बाद की गई थी। इसके बाद शव को रेलवे यार्ड के पीछे गोविंदपुर बलौली के पास नहर के निकट झाड़ियों में फेंक दिया गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर किशोरी का शव बरामद किया।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि पिछली 16 अक्टूबर को लालगंज थाने में एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के घर से बिना बताए चले जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया था। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना लालगंज में बीएनएस की धारा 137(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया। किशोरी की तलाश और बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई थीं।
पुलिस टीमों ने मामले की जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर एक संदिग्ध युवक रौनक यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में सामने आया कि दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी दौरान हुए विवाद के कारण आरोपी ने नाबालिग किशोरी की चाकू से वार कर तथा गले में दुपट्टा कसकर हत्या कर दी और शव को नहर के पास झाड़ियों में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने किशोरी का शव बरामद किया। मौके पर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आज वांछित आरोपी रौनक यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 103(1)/238 की बढ़ोतरी की है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित