हल्द्वानी , मार्च 17 -- उत्तराखंड में हल्द्वानी के लालकुआं क्षेत्र में स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित 119वें अखिल भारतीय किसान मेले का चार दिवसीय आयोजन का मंगलवार को समापन हुआ।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने शिरकत की। लालकुआं के गांधी हॉल में आयोजित समापन कार्यक्रम में पहुंचे श्री कोश्यारी ने विश्वविद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान किसानों और विज्ञान के समन्वय से निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कृषि के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को अपनाने और किसानों को इससे जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री कोश्यारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और दूर-दराज से आए किसान मौजूद रहे। जिन्होंने मेले के दौरान नई कृषि तकनीकों और नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।
समापन कार्यक्रम के दौरान किसान मेले में लगी विभिन्न प्रदर्शनी का पूर्व मुख्यमंत्री कोश्यारी ने निरीक्षण भी किया और कृषि से जुड़े नए उपकरणों, तकनीकों एवं उत्पादों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रदर्शनी में भाग ले रहे किसानों और उद्यमियों से संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित