पटना , मई 12 -- समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि समेकित बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) निदेशालय के स्तर से संचालित योजनाओं को लाभुकों तक समय पर योजनाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है।

मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने आज आईसीडीएस) निदेशालय के स्तर से संचालित विभिन्न योजना की गहन समीक्षा की। बैठक के दौरान मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों की बेहतर सुविधाएं, बुनियादी ढांचा और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिये कि किराए के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके साथ ही आईसीडीएस के लिए एक समर्पित टोल-फ्री नंबर जारी करने के भी निर्देश दिये। इसकी मदद से लाभुकों और आमजनों की शिकायतों और सुझावों का त्वरित समाधान किया जा सकेगा। उन्होंने विभाग में रिक्त पदों की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिये।

मंत्री ने कहा कि निदेशालय की सभी योजनाओं को समय पर उपर्युक्त लाभुकों तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, केंद्रों की आधारभूत संरचना, पीएम-जनमन योजना, किशोरी बालिकाओं के लिए सबला (एसएजी) योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन और आंगनबाड़ी सह-क्रेच जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित