मेलबर्न , सितम्बर 01 -- मार्नस लाबुशेन को ज़िम्बाब्वे और दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ होने वाली वनडे सीरीज़ के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम से बाहर कर दिया गया है। इस बीच उन्हें टेस्ट टीम में अपनी जगह के बारे में फ़ैसला होने का इंतज़ार भी है।
लाबुशेन ने जून में पाकिस्तान और बंगलादेश के दौरों पर संघर्ष किया था, हालांकि बंगलादेश के ख़िलाफ़ दूसरे वनडे में बल्लेबाज़ी क्रम में नीचे भेजे जाने के बाद उन्होंने नाबाद 55 रन बनाए थे। लेकिन ट्रैविस हेड और मिचेल मार्श की वनडे टीम में वापसी और चयनकर्ताओं के युवा खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाने के कारण लाबुशेन टीम से बाहर हो गए हैं। दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ टेस्ट सीरीज़ के लिए टीम की घोषणा अगले सप्ताह की जाएगी।
इस दौरे पर जोएल डेविस के वनडे डेब्यू करने की संभावना है। न्यू साउथ वेल्स के इस ऑलराउंडर ने इस साल की शुरुआत में बंगलादेश के ख़िलाफ़ टी 20 सीरीज़ में प्रभावित किया था। वहीं बाएं हाथ के बल्लेबाज ऑली पीक को एक और मौक़ा दिया गया है।
ऑस्ट्रेलिया के आधिकारिक वनडे कप्तान पैट कमिंस और उनके साथी तेज़ गेंदबाज़ मिचेल स्टार्क दक्षिण अफ़्रीका में टीम से जुड़ेंगे, वहीं जॉश हेज़लवुड दोनों वनडे सीरीज़ में खेलेंगे।
ज़िम्बाब्वे में मार्श टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि दक्षिण अफ़्रीका में वह और कमिंस कप्तानी की ज़िम्मेदारी साझा करेंगे। यह इस बात पर निर्भर करेगा कि कमिंस कितने मैच खेलते हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने इस दौरे के लिए अपने तेज़ गेंदबाज़ी विकल्पों को मजबूत करते हुए स्पेंसर जॉनसन और बिली स्टेनलेक को भी टीम में शामिल किया है। बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ जॉनसन ने अपना पिछला वनडे 2025 की शुरुआत में खेला था। लंबी चोट के बाद उन्होंने बंगलादेश के ख़िलाफ़ टी 20 टीम में वापसी की थी।
स्टेनलेक पाकिस्तान दौरे के लिए वनडे टीम का हिस्सा थे और रावलपिंडी में खेले गए मैच में उन्होंने सात साल से अधिक समय बाद अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। हालांकि, सीरीज़ में उनके एकमात्र मैच में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था।
चयनकर्ताओं ने वनडे और ऑस्ट्रेलिया ए टीम के बीच खिलाड़ियों को बांटने का फैसला नहीं किया है। ऑस्ट्रेलिया ए टीम उसी समय भारत में होगी। इससे पहले संकेत दिए गए थे कि अगले साल की टेस्ट सीरीज़ को ध्यान में रखते हुए कुछ खिलाड़ियों को भारत में चार दिवसीय मैचों में लाल गेंद से खेलने का मौक़ा दिया जा सकता है।
ऑलराउंडर कूपर कॉनॉली, जो पीठ की चोट के बाद अब दोबारा गेंदबाजी कर रहे हैं, उन खिलाड़ियों में से एक थे, जिन्हें भारत के ख़िलाफ़ चार दिवसीय मैचों के लिए संभावित उम्मीदवार माना जा रहा था। लेकिन वह पूरी वनडे सीरीज़ में खेलेंगे। उन्होंने मीरपुर में बंगलादेश के ख़िलाफ़ 149 रन की शानदार पारी खेली थी। वहीं, पीक के टीम में होने का मतलब है कि उन्हें भारत में खेलने का मौक़ा नहीं मिलेगा। भारत दौरे पर ऑस्ट्रेलिया की ए टीम में पीटर हैंड्सकॉम्ब, नेथन मक्स्वीनी, सैम कॉन्सटॉस, ब्रैंडन डॉजेट, जाय रिचर्ड्सन और टॉड मर्फ़ी जैसे खिलाड़ियों को जगह मिली है।
जॉनसन एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जो भारत जाएंगे। उन्हें ए टीम के सफ़ेद गेंद वाले चरण के लिए भी चुना गया है। भारत में तीन लिस्ट-ए मैच, दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ वनडे सीरीज़ ख़त्म होने के बाद खेले जाएंगे।
ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ वनडे मैच 15, 18 और 20 सितंबर को हरारे में खेले जाएंगे। दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ सीरीज़ के मैच 24, 27 और 30 सितंबर को क्रमशः डरबन, जोहानसबर्ग और पोचेफ़स्ट्रूम में होंगे।
वहीं अगर ऑस्ट्रेलिया ए के भारत दौरे की बात करें तो दो चार दिवसीय मैच पुडुचेरी में 22 से 25 सितंबर और 29 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच खेले जाएंगे। वनडे मैच भी पुडुचेरी में ही 6, 9 और 11 अक्टूबर को खेले जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित