बैतूल , जुलाई 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने प्रभातपट्टन विकासखंड के ग्राम गेहूंबारसा के निरीक्षण के दौरान विभिन्न मामलों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम सचिव के निलंबन, ग्राम रोजगार सहायक की सेवा समाप्त करने, छात्रावास अधीक्षक को हटाने तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी खामियां मिलने पर संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर ने बुधवार को पंचायत भवन में ग्रामीणों से संवाद कर पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा तथा अन्य समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने पेयजल संकट और अंत्येष्टि सहायता राशि लंबित होने की शिकायत की। जांच में एक हितग्राही की अंत्येष्टि सहायता राशि तीन माह से लंबित मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित ग्राम सचिव के निलंबन के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को घोघरी परियोजना के माध्यम से शीघ्र पेयजल उपलब्ध कराने तथा बुजुर्गों और बच्चों के लंबित ई-केवाईसी कार्य अभियान चलाकर पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
ग्राम पंचायत की स्वीकृत विकास कार्ययोजना के अनुरूप कार्य प्रारंभ नहीं होने पर संबंधित उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं पंचायत भवन नियमित रूप से बंद रहने तथा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर ग्राम रोजगार सहायक की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए गए।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास एवं माध्यमिक शाला का भी निरीक्षण किया। छात्रावास की नई इमारत शुरू होने में देरी तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने छात्रावास अधीक्षक को हटाने और संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास तक पहुंच मार्ग को सीसी रोड से विकसित करने के लिए कहा।
माध्यमिक शाला में विद्यार्थियों से चर्चा के दौरान आधारभूत शिक्षा का स्तर अपेक्षा से कमजोर मिलने पर उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और नियमित अभ्यास के माध्यम से फाउंडेशन लर्निंग मजबूत करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था शीघ्र पूरी कर केंद्र का संचालन जल्द शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित