श्रीगंगानगर , जून 06 -- राजस्थान में श्री गंगानगर जिले के सीमावर्ती अनूपगढ़ में शनिवार को एक पेड़ पर एक युवक का शव लटका मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अंग्रेज सिंह उर्फ गग्गी (20) कल रात घर से निकलने के बाद लापता हो गया था। आज पूर्वान्ह करीब साढ़े 10 बजे उसका शव सरकारी आईटीआई परिसर में एक नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस प्राथमिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक के पिता सोनू ने बताया कि देर रात तक गग्गी घर नहीं पहुंचा तो परिवार ने बार-बार फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। सुबह पूर्व पार्षद सुखदेवराज ओड को गग्गी के दोस्तों से सूचना मिली कि उसका शव आईटीआई में नीम के पेड़ से लटका हुआ है। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि युवक ने अपने ही साफे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव पेड़ से उतारकर सरकारी अस्पताल के शवगृह में पहुंचाया। बाद में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित