भीलवाड़ा , फरवरी 24 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के करेड़ा थाना क्षेत्र में 20 फरवरी को अहमदाबाद से लौटने के बाद रहस्यमयी तरीके से लापता हुए एक युवक का मंगलवार को शव मिला।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि लापता युवक विनय चावला का शव बागजणा गांव के पास ही पानी से भरी एक बंद खान में मिला। जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने बताया कि बागजणा निवासी विनय चावला (24) पिछले कुछ समय से अहमदाबाद में रह रहा था। 19 फरवरी को वह बस से अपने गांव के लिए रवाना हुआ और 20 फरवरी की सुबह 10 बजे चितांबा पहुँच गया था। विनय ने अपने परिजनों को फोन करके सूचना दी थी कि वह शाम तक घर पहुँच जाएगा, लेकिन जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने विनय की हर संभावित जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद 22 फरवरी को विनय के भाई राजमल ने करेड़ा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। आज विनय की तलाश में परिजन बागजणा के पास स्थित बंद पड़ी पानी से भरी खदान पर पहुंचेे। शक होने पर परिजनों ने कांटा डालकर पानी में तलाश शुरू की तो कांटे में फंसकर विनय का शव ऊपर आ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल पहुँचाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित