आगरमालवा , अगस्त 02 -- मध्यप्रदेश में आगरमालवा के बड़ौद पुलिस थाना क्षैत्र स्थित ग्राम मदकोटा के तालाब में एक लापता मजदूर का शव मिला है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शिवसिंह (50) पुत्र सुलतान सिंह निवासी ग्राम लोहारिया, पुलिस थाना डग, जिला झालावाड़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। वह ग्राम पिपलिया हमीर में नागूसिंह पुत्र गंगाराम के यहां मजदूरी करता था। नागू सिंह ने 31 जुलाई को शिवसिंह की गुमशुदगी की रिपोर्ट बड़ौद थाने में दर्ज कराई थी।

कल शाम को ग्रामीणों ने मदकोटा तालाब में एक शव देखा तथा तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। जिले की बड़ौद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाकर शासकीय अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया।

आज तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। बड़ौद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित