भरतपुर , अप्रैल 19 -- राजस्थान में धौलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार को लापता हुए एक ठेकेदार की तलाश में पुलिस एवं राज्य आपदा राहत बल (एसडीआरएफ) के दल ने रविवार को भी चम्बल नदी में तलाश जारी रखी।
ठेकेदार की मोटर साइकिल एवं मोबाइल चंबल नदी के किनारे मिलने के बाद परिजनों ने उसके आत्महत्या के लिए नदी में कूद जाने की आशंका जताई है। सूत्रों ने बताया कि समौला गांव निवासी ठेकेदार सत्यप्रकाश ने डुंगेपुरा क्षेत्र में एक मकान का शटरिंग ठेका लिया था। परिजनों का आरोप है कि मकान मालिक द्वारा करीब ढाई लाख रुपए का भुगतान नहीं किया जा रहा था, जिसके कारण ठेकेदार काफी समय से परेशान था। शनिवार को सत्यप्रकाश बकाया मांगने गया था जहां उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
सूत्रों ने बताया कि इसके बाद शनिवार सुबह सत्यप्रकाश ने घर पर फोन करके बताया कि उसकी मोटर साइकिल चंबल नदी के पास खड़ी है। परिजन जब मौके पर पहुंचे, तो उन्हें मोटर साइकिल और मोबाइल नदी किनारे मिले, लेकिन सत्यप्रकाश का कोई पता नहीं चला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित