देहरादून , सितम्बर 30 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ-वासुकी ताल ट्रेकिंग मार्ग पर मंगलवार से संपर्क नहीं हो पाने के कारण लापता पांच सदस्यीय ट्रेकिंग दल से बुधवार को संपर्क हो गया। दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ रहे हैं।
जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र, रुद्रप्रयाग के प्रभारी नन्दन सिंह रजवार ने बताया कि आज पूर्वाह्न 11.45 बजे सूचना दाता यंशवन्त चौहान से संम्पर्क करने पर उनके द्वारा अवगत कराया गया कि उपरोक्त सभी पांचों ट्रैकर से सूचना दाता का सम्पर्क हो गया है। वे सुरक्षित है और गंगी घुत्तु (टिहरी) की ओर से आगे बढ़ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि कल एक व्यक्ति यशवंत सिंह चौहान ने जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र को सूचना दी कि उनके भाई प्रवेश चौहान 25 सितम्बर को अपने पांच साथियों के साथ केदारनाथ-बासुकी ताल ट्रैक रूट पर गए थे। उक्त दल द्वारा आगे ऑडिन कोल ट्रैक के माध्यम से गंगोत्री जाने की योजना थी। वर्तमान में उक्त ट्रेकिंग दल के सदस्यों से परिजनों का संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है। यह सूचना प्राप्त होते ही पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल , राज्य आपदा मोचन बल सहित 40वीं वाहिनी पीएसी, हरिद्वार तथा से जानकारी साझा की गई। इस ट्रेकिंग दल में दो पीएसी के जवान सहित अन्य विभागों के कार्मिक भी शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित