बैतूल , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के साईंखेड़ा थाना क्षेत्र की एक छात्रा के लापता होने के मामले में राष्ट्रीय हिंदू सेना ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, छात्रा की सुरक्षित बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। संगठन ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष व्यक्त करते हुए प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है।

प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि थाना क्षेत्र की एक छात्रा 23 नवंबर 2025 को मुलताई स्थित शासकीय कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी साईंखेड़ा थाने में दर्ज कराई थी।

ज्ञापन में दावा किया गया है कि सात मई 2026 को परिजनों को जानकारी मिली कि सारणी निवासी एक युवक छात्रा के साथ रह रहा है। संगठन के अनुसार युवक ने विशेष विवाह अधिनियम, 1954 के तहत विवाह के लिए अपर कलेक्टर कार्यालय में आवेदन भी प्रस्तुत किया है। संगठन ने आरोप लगाया कि छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाया गया तथा धर्म परिवर्तन की मंशा से यह घटनाक्रम हुआ। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

संगठन का यह भी आरोप है कि छात्रा ने लापता होने से पहले परिजनों को एक विशेष समुदाय के युवक द्वारा परेशान किए जाने की जानकारी दी थी। संगठन ने कहा कि आरोपी की जानकारी होने के बावजूद अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं की गई है।

राष्ट्रीय हिंदू सेना ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच, छात्रा की सुरक्षित बरामदगी तथा तथ्यों के आधार पर दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित