रांची , मई 01 -- झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ प्रखंड में शुक्रवार को स्कूली बच्चों को लेकर जा रहा एक टेम्पो अचानक पलट गया।
हादसे में एक मासूम छात्र की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे घायल हो गए। मृतक छात्र की पहचान अंकुर मिंज के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बताया वह अन्य बच्चों के साथ रोज की तरह स्कूल जा रहा था, तभी रास्ते में तेज रफ्तार टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में घायल बच्चों को तत्काल महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, चार बच्चों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि टेम्पो में क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे। साथ ही वाहन काफी तेज गति में था, जिसके कारण चालक संतुलन खो बैठा और यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित