फिल्लौर , जुलाई 15 -- राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहन चालकों को आज से अधिक टोल शुल्क देना होगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संशोधित यूजर फीस लागू कर दी गयी है। स्थानीय निवासियों के लिए हालांकि मासिक पास की सुविधा पहले की तरह 360 रुपए पर ही जारी रहेगी।
टोल प्लाजा प्रबंधक विपिन राव ने बुधवार को बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की अधिसूचना के अनुसार नयी टोल दरें आज से प्रभावी हो गयी हैं। संशोधित शुल्क सूची टोल प्लाजा पर प्रदर्शित कर दी गयी है और यात्रियों को नयी दरों की जानकारी दी जा रही है।
टोल प्लाजा के एक अन्य प्रबंधक दीपिंदर पाल ने बताया कि सभी फास्टैग लेन सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं। वाहन चालकों से अपील की गयी है कि वे अपने फास्टैग खाते में पर्याप्त बैलेंस बनाये रखें, ताकि टोल प्लाजा पर बिना किसी रुकावट के आवागमन हो सके।
नयी दरों के अनुसार कार, जीप, वैन और अन्य हल्के मोटर वाहनों के लिए एक तरफ का टोल 235 तथा 24 घंटे के भीतर वापसी यात्रा के लिए 350 रुपए निर्धारित किया गया है। पचास एकल यात्राओं वाला मासिक पास 7,815 रुपए का होगा, जबकि जिले में पंजीकृत व्यावसायिक वाहनों के लिए रियायती शुल्क 115 रुपए प्रति यात्रा रहेगा।
हल्के व्यावसायिक वाहन, लाइट गुड्स व्हीकल और मिनी बसों के लिए 380 रुपए (एक तरफ) और 570 रुपए (आवागमन) तय किया गया है। बसों और दो-एक्सल ट्रकों के लिए क्रमशः 795 रुपए और 1,190 रुपए, जबकि तीन-एक्सल व्यावसायिक वाहनों के लिए 865 और 1,300 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है।
चार से छह एक्सल वाले मल्टी-एक्सल वाहन, भारी निर्माण मशीनरी और अर्थ-मूविंग उपकरणों के लिए 1,245 रुपए (एक तरफ) तथा 1,865 रुपए (आवागमन) देना होगा। सात या उससे अधिक एक्सल वाले वाहनों के लिए 1,515 (एक तरफ) और 2,270 रुपए (आवागमन) शुल्क निर्धारित किया गया है।
नयी अधिसूचना के तहत टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र गैर-व्यावसायिक वाहन मालिकों के लिए 360 रुपए का मासिक पास पहले की तरह जारी रहेगा। वैध फास्टैग वाले पात्र गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए 3,075 रुपए का वार्षिक पास भी उपलब्ध रहेगा।
टोल प्रबंधन ने दोहराया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सभी वाहनों के लिए फास्टैग अनिवार्य है और यात्रियों से फास्टैग सक्रिय रखने की अपील की है, ताकि यातायात सुचारु बना रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित