आगर-मालवा , सितंबर 13 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को आगर-मालवा से प्रदेश की एक करोड़ 25 लाख 10 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में लाड़ली बहना योजना की 40वीं किश्त के रूप में एक हजार 835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। इसमें आगर-मालवा जिले की एक लाख 13 हजार से अधिक लाड़ली बहनें शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए।

श्री यादव ने कहा कि प्रदेश की लाड़ली बहनें अब लाभ लेने वाली नहीं, बल्कि लाभ कमाने वाली बन रही हैं। नारी सशक्तिकरण केवल नारों से नहीं हो सकता और इसके लिए प्रदेश सरकार दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बहनों से किए गए हर वादे को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया जाएगा तथा उनके मान-सम्मान और सुरक्षा में कोई आंच नहीं आने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने आगर-मालवा जिले को 254 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 50 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 226 करोड़ रुपये की लागत से 33 विकास कार्यों का भूमिपूजन और करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से 17 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। उन्होंने करीब 118 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन सड़क परियोजनाओं और 19 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले शासकीय विधि महाविद्यालय का भूमिपूजन किया।

श्री यादव ने आगर में बड़ी गौशाला के निर्माण और आगर-मालवा जिले के हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विकास के लिए संकल्प शक्ति जरूरी है और सरकार इसी संकल्प शक्ति के साथ प्रदेश के विकास के लिए आवश्यक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि नागरिकों से विकास के जो वादे किए गए हैं, उन्हें पूरा किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सितंबर जनसेवा को समर्पित महीना है। 17 सितंबर से 'स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना-2026' के तहत प्रदेश के 50 लाख से अधिक ऐसे पट्टेधारियों को, जिनके पास पट्टे हैं लेकिन उनकी रजिस्ट्री नहीं है, पक्की रजिस्ट्री कराकर नि:शुल्क प्रदान की जाएगी। रजिस्ट्री का शुल्क सरकार वहन करेगी।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलेगा। इसके दौरान 25 सितंबर से 'मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा' के तहत 'प्रदेश की अपनी सुगम बस सेवा' शुरू की जाएगी। ये बसें गांवों, पंचायतों, कस्बों, ब्लॉक, तहसील और छोटे-बड़े नगरों तक पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पांच लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क है और वर्ष 2030 तक 15 हजार से अधिक बसें चलाने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की लाड़ली बहनों और शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों से 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शाम सात बजे अपने घरों और प्रतिष्ठानों में आशीर्वाद का दीपक जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 'सेवा संकल्प अभियान' के पहले दिन प्रदेश में एक साथ 58 लाख आशीर्वाद के दीपक जलाए जाएंगे।

श्री यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का आधार बन चुकी है। सरकार महिलाओं की आजीविका, स्वरोजगार और आर्थिक स्वावलंबन के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की चार लाख से अधिक महिलाएं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की वित्तीय और तकनीकी मदद तथा स्व-उद्यमशीलता के माध्यम से उद्योगपति बन रही हैं।

समारोह में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी, विधायक माधव सिंह, मधु गहलोत, जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नाबाई चौहान, जिलाध्यक्ष ओम मालवीय सहित जनप्रतिनिधि, स्थानीय अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित