ग्वालियर , अक्टूबर 09 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में लाड़ली बहना योजना का फॉर्म भरवाने का झांसा देकर एक युवती 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला के सोने के जेवर और अन्य सामान लेकर फरार हो गई। घटना झांसी रोड थाना क्षेत्र के चंद्रवदनी नाका की है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गली नंबर एक निवासी विद्या बाई कुशवाह पांच अक्टूबर को सुबह करीब 11:30 बजे अपनी कॉस्मेटिक दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान गुलाबी सलवार-सूट पहने करीब 25-26 वर्षीय युवती दुकान पर आई और बातचीत के दौरान लाड़ली बहना योजना का फॉर्म भरवाने के बहाने उन्हें ऑटो में बैठाकर बाड़ा ले गई। इसके बाद वह उन्हें बहोड़ापुर चौराहे और पुरानी छावनी चौराहे की ओर घुमाती रही।
बाद में युवती बुजुर्ग महिला को फिर बाड़ा क्षेत्र में सागर होटल वाली गली में ले गई। वहां उसने भीड़ में जेवर चोरी होने का डर दिखाकर महिला से सोने के टॉप्स, सोने के मोतियों वाला मंगलसूत्र और एक पेंडल उतारकर छोटे थैले में रखने को कहा। थैले में चांदी की अंगूठी, घर की चाबियों के दो गुच्छे, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और 200 रुपये भी रखे थे। आरोप है कि युवती ने महिला को बातों में उलझाकर थैला चोरी कर लिया और फरार हो गई।
पीड़िता शाम करीब 5:30 बजे एक टमटम चालक की मदद से घर पहुंचीं और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उन्हें थाने लेकर पहुंचे, जहां शिकायत दर्ज कराई गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित