कुरुक्षेत्र , मई 21 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को लाडवा स्थित शिवाला रामकुंडी में जन संवाद कार्यक्रम में 338 लोगों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने शिकायतकर्ता को धमकाने वालों पर केस दर्ज करने और खेत के रास्ते में खंभा व ट्रांसफार्मर लगाने वाले एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। मामले की जांच एसडीएम लाडवा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पर मजबूर करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने लोगों से शिकायत पत्र पर मोबाइल नंबर लिखने को कहा ताकि विभाग सीधे संपर्क कर सके।

बकाली गांव में खेत के रास्ते पर बिजली के खंभे लगाने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। धनोरा जट्टन में स्कूल को 12वीं तक अपग्रेड करने, खिरकी वीरान-रुडकी सड़क और कनिप्ला में सड़क निर्माण मानसून से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। कलिरानो और मुनियारपुर में चोरी हुए ट्रांसफार्मर तुरंत बदलने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित