भिण्ड , सितंबर 08 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर में एक कुत्ते की कथित रूप से लाठियों से पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मारपीट के बाद कुत्ते के शव को छिपाकर गौरी तालाब के किनारे फेंक दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर पशु सेवा से जुड़ी इंसानियत समिति के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और पुलिस को सूचना दी। शहर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में बरुआ नगर निवासी अनुज श्रीवास ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब नौ बजे इंसानियत समिति के अध्यक्ष अनंत शर्मा के पास कुत्ते को कथित रूप से बेरहमी से पीटने का वीडियो पहुंचा। इसके बाद समिति के सदस्य जानकारी जुटाने के लिए वनखंडेश्वर मंदिर के पास पहुंचे। स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान कथित तौर पर शंकर कुशवाह द्वारा कुत्ते से मारपीट किए जाने की जानकारी मिली।

शिकायत के अनुसार कुत्ते को लाठियों से पीटकर मारने के बाद उसके शव को रस्सी से बांधकर छिपाने और गौरी तालाब के किनारे फेंकने का आरोप है। समिति के सदस्यों ने तलाश के दौरान कुत्ते का शव बरामद किया। शिकायत में शव के मुंह से खून निकलने और शरीर पर चोट के निशान होने की बात कही गई है।

घटना के बाद इंसानियत समिति के पदाधिकारियों ने शहर कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह सिकरवार को बनाया गया है। मृत कुत्ते का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारण और चोटों की पुष्टि होने की संभावना है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित