देहरादून , जुलाई 07 -- नशामुक्त देवभूमि उत्तराखंड अभियान के अंतर्गत "ऑपरेशन प्रहार" में देहरादून पुलिस ने बेशकीमती ड्रग्स स्मैक सहित दो ड्रग सप्लायर गिरफ्तार किए हैं। इनमें एक अभियुक्त उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला है। इनसे बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में लगभग तेरह लाख रुपए आंकी गयी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रवेंद्र डोभाल ने मंगलवार को बताया कि थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने सोमवार को जांच के दौरान दो नशा तस्करों तरुण उर्फ चीनू तथा विकास को फव्वारा चौकी क्षेत्र से 46 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। साथ ही आरोपियों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को जब्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि अभियुक्तो के विरुद्ध थाना नेहरू कॉलोनी पर मु0अ0स0 - 253/2026, धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

श्री डोभाल ने अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर बताया कि वह दोनों नशे के आदि है तथा उक्त स्मैक को वे उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नजीबाबाद से एक स्थानीय नशा तस्कर से खरीदकर लाये थे, जिसमें से कुछ स्मैक को वह अपने नशे के लिए इस्तेमाल करने तथा बाकी को स्थानीय नशेड़ी को महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थे, पर उससे पूर्व ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित