जालंधर , जून 06 -- सेंटर ऑफ ट्रेड यूनियन्स (सीटीयू) पंजाब के महासचिव कामरेड नत्था सिंह ढडवाल और उपाध्यक्ष जगदीश चंद्र लुधियाना ने पटियाला में 2600 लाइनमैनों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों पर पंजाब पुलिस द्वारा किया गया बल प्रयोग लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
यूनियन नेताओं ने शनिवार को संयुक्त प्रेस बयान जारी कर कहा कि लाइनमैन कर्मचारी पंजाब सरकार से चुनावी वादे के अनुसार अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने की मांग कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के निर्देश पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया, जिसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है।
सीटीयू नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि सेवा केंद्र कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों के समर्थन में आज सुनाम में राजस्व मंत्री अमन अरोड़ा के निवास के बाहर प्रस्तावित धरने को विफल करने के लिए पुलिस ने राज्य के विभिन्न हिस्सों से कर्मचारियों को हिरासत में लिया। उन्होंने इस कार्रवाई की भी निंदा करते हुए कर्मचारियों की मांगों को तत्काल स्वीकार करने की मांग की।
बयान में कहा गया कि सेवा केंद्रों में 450 से अधिक प्रकार की सेवाओं और आवेदनों का निपटारा करने वाले कर्मचारी मात्र 10,500 रुपये मासिक वेतन पर कार्य कर रहे हैं। कर्मचारी न्यूनतम 30 हजार रुपये मासिक वेतन और सेवाओं के नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं।
यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि एक ओर पंजाब सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर यह प्रचार कर रही है कि राज्य के सभी अस्थायी कर्मचारियों को नियमित कर दिया गया है, जबकि दूसरी ओर विभिन्न विभागों के कर्मचारी वेतन वृद्धि और नियमितीकरण की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पावरकॉम, सीवरेज बोर्ड, नगर निगमों, नगर परिषदों के सफाई कर्मचारी तथा सेवा केंद्रों के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार बातचीत के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है।
सीटीयू पंजाब के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार का मजदूरों, किसानों और कर्मचारियों के प्रति यही रवैया जारी रहा तो इसका राजनीतिक असर भी देखने को मिल सकता है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से करने और लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित