भिण्ड , सितंबर 09 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार क्षेत्र में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेश पर गठित राज्य स्तरीय जांच समिति ने मंगलवार को मटियावली खुर्द और छोटी मटियावली गांवों में पहुंचकर अवैध रेत भंडारण की जांच की। टीम ने मौके पर मौजूद रेत के डंपों का निरीक्षण कर जब्ती पंचनामा तैयार किया और आवश्यक जानकारी दर्ज की।
जांच दल में पर्यावरण विभाग ईपीसीओ भोपाल के सुब्रतो पाणि, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) भोपाल के संजय कुमार मुकाती, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ग्वालियर के क्षेत्रीय अधिकारी डीवीएस जाटव और सहायक अभियंता भूपेंद्र सिंह नरवरिया शामिल रहे। टीम ने रेत भंडारण की स्थिति, पर्यावरणीय मानकों के पालन सहित अन्य बिंदुओं की जानकारी जुटाई।
बताया गया है कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह की ओर से एनजीटी में दायर याचिका के बाद यह जांच की जा रही है। याचिका पर सुनवाई के दौरान एनजीटी ने मामले की जांच के लिए राज्य स्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए थे। समिति जांच पूरी करने के बाद अपनी रिपोर्ट एनजीटी को सौंपेगी। जांच के दौरान स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। डॉ. गोविंद सिंह की ओर से उनके प्रतिनिधि कांग्रेस नेता अनुरुद्ध प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित