ललितपुर , जून 18 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर में गुरूवार को सरकारी पिस्टल चोरी करने वाले होमगार्ड को पुलिस ने नौ एमएम पिस्टल, मैग्जीन व दस जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया।
पीआरवी के हेड कांस्टेबल प्रकाशचंद्र के साथ थाना महरौनी अंतर्गत ग्राम किसरदा निवासी मंगल सिंह ड्यूटी कर रहा था। मुख्य आरक्षी ने सूचना दी थी कि मंगल सिंह ने उनकी सरकारी 9 एम.एम पिस्टल, मैंग्जीन व दस जिंदा कारतूस चोरी कर लिए हैं। सूचना मिलते ही थाना गिरार में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया व पुलिस अधीक्षक मुहम्मद मुश्ताक ने अभियुक्त को गिरफ्तार करने के लिये विशेष टीमें गठित कीं, जिसमें थाना गिरार पुलिस, स्वॉट टीम व सर्विलांस टीम शामिल थीं।
टीम तकनीकी व मैनुअल सर्विलांस के माध्यम से साक्ष्य जुटाकर आरोपी होमगार्ड मंगल सिंह तक पहुंच गई व उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा की गईं पूछताछ में आरोपी मंगल सिंह ने स्वीकार किया कि वह होमगार्ड के रूप में कार्यरत है व उसने बीती 14 जून की रात्रि ड्यूटी के दौरान सरकारी 9 एम.एम. पिस्टल, मैंग्जीन व दस जिंदा कारतूस चोरी कर लिये थे। उसका उद्देश्य हेड कांस्टेबल पर दबाव बनाकर उनसे रुपये वसूलने का था। उसने अपना अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने होमगार्ड मंगल सिंह को न्यायालय में पेश किया, जहां न्यायाधीश ने उसे जेल भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित