ललितपुर , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में स्नातक की परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे एक छात्र की पिकअप वाहन की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम खिरिया छतारा निवासी संजय राजा (22) अपने गांव के ही साथी अभिराज (20) के साथ सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित नेहरू महाविद्यालय में स्नातक की परीक्षा देने आए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। ग्राम बिरारी के पास सामने से आ रही एक पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों को उपचार के लिए ललितपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद अभिराज को मृत घोषित कर दिया, जबकि संजय राजा को उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने टक्कर मारने वाले पिकअप वाहन की तलाश शुरू कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित