ललितपुर , अप्रैल 9 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में गुरुवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार मामा की मौत हो गई, जबकि दो भांजे घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना जाखलौन क्षेत्र के ग्राम बरौदा सीपरी निवासी पप्पू उर्फ दयाराम (42) अपने चचेरे भाई राजू (43) के साथ मध्य प्रदेश के अशोकनगर जनपद के ग्राम शेखपुर निवासी अपने मामा कमल झा (50) को लेकर बाइक से घर लौट रहे थे।

जाखलौन रेलवे स्टेशन मार्ग पर नहर की पुलिया के पास बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे तीनों सवार गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस से घायलों को उपचार के लिए ललितपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने कमल झा को मृत घोषित कर दिया। वहीं पप्पू उर्फ दयाराम और राजू का उपचार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित