ललितपुर , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में चचेरे भाई की शादी से एक दिन पहले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम छिल्ला निवासी मानवेन्द्र सोमवार को घर पर था। परिवार में उसके चचेरे भाई दामोदर के पुत्र आनंद की शादी मंगलवार को होनी थी और घर में खुशी का माहौल था। इसी दौरान मानवेन्द्र परिजनों के बीच से कहीं चला गया।

जब वह देर तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला। बाद में गांव के पास गनगुरिया हार मार्ग से गुजर रही महिलाओं ने महुआ के पेड़ पर रस्सी के सहारे उसे फंदे से लटका देखा और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। युवक को फंदे से नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित