ललितपुर , नवम्बर 02 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में सोमवार को चार दिन से लापता एक किसान का शव कुएं में मिला। शव पत्थर से बंधा हुआ था। परिजनों ने किसान की हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई है।

पुलिस के अनुसार, जखौरा थाना क्षेत्र के नौहरकलां गांव निवासी वीरन यादव (53) पुत्र धूप सिंह बीते गुरुवार को बिना बताए घर से चले गए थे। परिजनों ने उनकी कई जगह तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सोमवार को घर से दूर खेत के पास स्थित एक कुएं से दुर्गंध आने पर राहगीरों ने अंदर झांककर देखा तो पानी में एक शव उतराता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान वीरन यादव के रूप में की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इस दौरान शव काली डोरी से पत्थर के साथ बंधा मिला।

मृतक के भतीजे रामान सिंह यादव ने बताया कि वीरन यादव अक्सर बिना बताए घर से चले जाते थे और कुछ दिनों बाद लौट आते थे। वह चार दिन पहले भी इसी तरह घर से निकले थे। भतीजे ने आशंका जताई कि उनकी हत्या कर शव को पत्थर से बांधकर कुएं में फेंका गया है।

जखौरा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित