ललितपुर , सितम्बर 10 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर में बीएसए कार्यालय के पेंशन लिपिक को गुरूवार को पांच हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ धर दबोचा गया।

पुलिस ने बताया कि कोतवाली तालबेहट के निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक मदन मोहन नामदेव (82) अपने इंक्रीमेंट का एरियर निकलवाने के लिए बीती आठ सितंबर को बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय गये थे जहां पेंशन लिपिक राजेश कुशवाहा ने इंक्रीमेंट का एरियर निकालने के एवज में उनसे पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी।

बुजुर्ग शिक्षक द्वारा रकम कम करने के अनुरोध को लिपिक ने ठुकरा दिया, जिसके उपरान्त मदन मोहन ने बीते नौ सितंबर को इसकी शिकायत झांसी एंटी करप्शन टीम से की। गुरूवार को योजना के तहत दोपहर एक बजे मदन मोहन बीएसए कार्यालय पहुंचे। उन्होंने जैसे ही लिपिक राजेश कुशवाहा को पाँच हजार रुपये की रिश्वत दी, वैसे ही एंटी करप्शन टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर सदर कोतवाली ले गयी। प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार लिपिक राजेष कुशवाहा को झाँसी ले जाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित