ललितपुर , फरवरी 16 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में सोमवार को रिश्तेदार के यहां मुंडन संस्कार में शामिल होकर लौट रहे दो मौसेरे भाइयों की तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराने से मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम खिरिया छतारा निवासी राघवेंद्र (18) अपने मौसेरे भाई विवेक (16) के साथ ग्राम धवा में आयोजित मुंडन संस्कार में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे लहर धाम तिराहे के पास पहुंचे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बबूल के पेड़ से टकरा गई।

हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मृत अवस्था में पाया। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित