ललितपुर , मई 02 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर जनपद में शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक पल्लेदार सहित दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना मड़ावरा क्षेत्र के ग्राम रमेशरा निवासी 21 वर्षीय अमित अपने जीजा 24 वर्षीय राजा भैया के साथ बाइक से मड़ावरा गैस सिलेंडर लेने गए थे। सिलेंडर लेकर लौटते समय ग्राम सतवांसा स्थित जीएसएस एंड मेरी स्कूल के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से भिड़ंत हो गई।
इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार ग्राम सैदपुर निवासी पल्लेदार कीरत तथा उसका एक साथी भी घायल हुआ, जिसकी पहचान नहीं हो सकी। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने अमित और कीरत को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजा भैया और एक अज्ञात घायल का उपचार जारी है।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा एवं प्रभारी तहसीलदार मनोज कुमार श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित