ललितपुर , अक्टूूबर 01 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर में गुरूवार को डीसीएम की टक्कर से बाईक सवार जीजा की मौत हो गई व साला घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्रांतर्गत ग्राम रौंड़ा निवासी धर्मेन्द्र उर्फ छोटू अहिरवार (22) अपने साले राजेंद्र (22) के साथ कोतवाली सदर अंतर्गत ग्राम राजघाट गये हुये थे। अपने काम निपटाने के बाद जब वह बाईक से वापिस ललितपुर आ रहे थे कि ग्राम चौंरसिल व काला पहाड़ के बीच ललितपुर से राजघाट की ओर जा रही तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी।

इस हादसे में धर्मेन्द्र व राजेन्द्र घायल होकर सड़क किनारे खेत में गिर गये। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को 108 एम्बुलेंस से उपचार के लिये मेडीकल कॉलेज ललितपुर पहुॅचाया, जहॉ चिकित्सकों ने परीक्षणोपरान्त धर्मेद्र को मृत घोषित कर दिया व घायल राजेन्द्र को उपचार हेतु चिकित्सालय में भर्ती कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित