ललितपुर , सितम्बर 23 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर में बुधवार को खेत पर उर्द की फसल काटने गये किसान की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्रांतर्गत ग्राम मैलवाराखुर्द निवासी पुष्पेन्द्र सहरिया (30) अपने खेत पर सुबह उर्द की फसल काटने गया था। जब वह देर तक घर वापिस नहीं आया तो परिजन उसकी खोजबीन करते हुये खेत पर पहुॅचे, लेकिन वह खेत पर नहीं दिखा तब परिजन खेत पर स्थित पानी से भरे गहरे गड्ढे के पास पहुॅचे तो उन्हें पुष्पेन्द्र की चप्पल तैरती दिखाई दी।
संदेह होने पर परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से पानी में उतर कर तलाश की तो पुष्पेन्द्र का शव पड़ा मिला, जिसे गडढे से बाहर निकालकर सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पहुॅची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजकर जांच प्रारम्भ कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित