ललितपुर , जून 02 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में मंगलवार को एक कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मध्य प्रदेश के चंदेरी निवासी अरुण वाल्मीकि (28) मोटरसाइकिल से ललितपुर से चंदेरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान काला पहाड़ क्षेत्र के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से अरुण मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए 108 एम्बुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज, ललितपुर भेजा। हालांकि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार कार और उसके चालक की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित