ललितपुर , अप्रैल 22 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर में आज बुधवार को एम्बुलेंस की टक्कर से बाईक सवार युवक की मौत हो गई व पत्नी एवं मासूम बेटी घायल हो गई।

कोतवाली महरौनी क्षेत्रांतर्गत ग्राम बराव निवासी रहिंद 29 वर्ष पुत्र मुन्नालाल अपनी पत्नी कविता 25 वर्ष व छह माह की बेटी के साथ अपनी ससुराल ग्राम मैनवारा जा रहे थे, जब वह ग्राम क्योलरी के पास पहुंचे थे तभी सामने से आ रही निजी एंबुलेंस ने उनकी बाईक में टक्कर मार दी, जिससे रहिंद व उसकी पत्नी कविता व मासूम बेटी घायल हो गये व टक्कर मारने वाली एम्बुलेंस भाग गई, जब राहगीरों ने देखा तो उन्हें 108 एम्बुलेंस से उपचार हेतु ललितपुर मेडीकल कॉलेज पहुंचाया, जहां रहिंद की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रानी लक्ष्मीबाई मेडीकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया व पत्नी व मासूम बेटी को उपचार हेतु चिकित्सालय में भर्ती कर लिया।

रहिंद उपचार के उपरान्त वह परिजनों के साथ झांसी से लौट रहे थे तभी रास्ते में उनकी हालत बिगड़ गई, तब परिजन उन्हें पुनः झांसी मेडीकल कॉलेज उपचार हेतु ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षणोपरान्त रहिंद कों मृत घोषित कर सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजकर जांच प्रारम्भ कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित