श्रीनगर , अक्टूबर 14 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को लद्दाख में करीब 3,350 करोड़ रुपये की पांच विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इनमें लेह हवाई अड्डे का नया यात्री टर्मिनल भी शामिल है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, परियोजनाओं का उद्घाटन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। इस दौरान श्री मोदी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में संपर्क, ऊर्जा बुनियादी ढांचे और जल सुरक्षा को मजबूत करने के साथ सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना है।
श्री मोदी लेह के कुशोक बकुला रिनपोछे हवाई अड्डे के 640 करोड़ रुपये की लागत से बने नए यात्री टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। सालाना 35 लाख यात्रियों की क्षमता वाला यह टर्मिनल आधुनिक सुविधाओं और भू-तापीय ऊर्जा तकनीक से लैस है।
वह 298 किलोमीटर लंबी निमू-पदुम-दरचा सड़क राष्ट्र को समर्पित करेंगे। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा निर्मित यह सड़क जांस्कर घाटी के रास्ते लेह को हिमाचल प्रदेश के दरचा से जोड़ती है और लद्दाख के लिए एक वैकल्पिक हर मौसम में चलने योग्य मार्ग उपलब्ध कराती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित