लेह , अक्टूबर 16 -- लद्दाख के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने केंद्र शासित प्रदेश में पांच नयी तहसीलों का गठन को मंजूरी प्रदान कर दी है।

श्री सक्सेना ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "आज मैंने पांच नयी तहसीलों के गठन को मंजूरी दी है। इनमें शाम जिले में आर्यन वैली, करगिल में सोध, जंस्कार में फे, द्रास में थासगाम और चांगथांग जिले में हिम्या तहसील शामिल हैं।" उन्होंने बताया कि इस वर्ष जुलाई में 17 नयी तहसीलों के गठन के बाद उठाये गये इस कदम से अब लद्दाख में तहसीलों की कुल संख्या बढ़कर 37 हो गयी है। इसके अलावा जनता की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए दुरबुक के अतिरिक्त उपायुक्त की शक्तियां उपमंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम), दुरबुक को सौंप दी गयी हैं। इसका उद्देश्य स्थानीय प्रशासन को मजबूत करना और लोगों के लिए प्रशासन तक पहुंच आसान बनाना है।

श्री सक्सेना ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था के इस युक्तिकरण और सुदृढ़ीकरण से लोगों को बेहतर सार्वजनिक सेवाएं मिलेंगी, विकास कार्यक्रमों को तेजी से लागू करने में मदद मिलेगी और प्रत्येक नागरिक, विशेषकर दूरदराज तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सरकारी सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित