श्रीनगर , सितंबर 9 -- केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में इस वर्ष पर्यटकों की संख्या में भारी उछाल दर्ज किया गया है। वर्ष 2026 के पहले आठ महीनों (जनवरी से अगस्त) में ही 4.05 लाख से अधिक पर्यटक लद्दाख पहुंचे हैं। इन आठ महीनों के आंकड़ों ने वर्ष 2025 के पूरे साल के कुल पर्यटन आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है।
लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के साझा किए आंकड़ों के अनुसार, जनवरी और अगस्त 2026 के बीच 4.05 लाख पर्यटक पहुंचे, जबकि पिछले साल इसी अवधि के दौरान यह संख्या 2.69 लाख थी। यह वार्षिक आधार पर यह 50.37 प्रतिशत की वृद्धि है। वर्ष 2025 में कुल पर्यटक आगमन 3.35 लाख ही था।
क्षेत्र में विदेशी पर्यटकों की आवाजाही में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। इस वर्ष जनवरी से अगस्त के बीच लद्दाख में 33,346 विदेशी पर्यटक आए, जबकि 2025 की समान अवधि में यह संख्या 25,082 थी। केवल अगस्त महीने में 2026 में 74,753 पर्यटकों ने लद्दाख का दौरा किया, जो पिछले साल के अगस्त महीने (45,201 पर्यटक) की तुलना में 65.38 प्रतिशत अधिक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित